WeeHours News I Md Ahsan I सुपौल I
जदिया थाना हाजत में बंद युवक बिट्टू कुमार यादव की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन को निलंबित कर दिया है। सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में यह कार्रवाई की है। इससे पहले इस मामले में ओडी पदाधिकारी सोबरन कुमार और चौकीदार अनमोल पासवान को निलंबित किया जा चुका है, जबकि थाना में पदस्थापित मुंशी मनोज कुमार को लाइन हाजिर किया गया था।
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि पुलिस हिरासत में हुई मौत अत्यंत गंभीर मामला है। मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच में जिस स्तर पर भी लापरवाही सामने आएगी, संबंधित अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब तक की विभागीय कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि जदिया थाना क्षेत्र निवासी बिट्टू कुमार यादव को पुलिस ने एक मामले में हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें जदिया थाना हाजत में रखा गया था। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाए थे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
बिट्टू कुमार यादव की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने जदिया थाना के समक्ष स्टेट हाईवे-91 को जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा विभागीय जांच शुरू कराई गई थी।
इधर, निलंबित थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन के स्थान पर पुलिस निरीक्षक राजकिशोर मंडल को जदिया थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर थाना के अधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक की तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। विभागीय जांच और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बिट्टू कुमार यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए किसकी जिम्मेदारी तय होती है।