प्रेम विवाह करने वाली युवती से मारपीट का वीडियो वायरल

WeeHours News I Md Ahsan I मधेपुरा। जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती के साथ उसके माता-पिता द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हसनपुरा निवासी पूजा कुमारी ने लगभग एक माह पूर्व अपने रिश्ते में भतीजे लगने वाले बिट्टू कुमार से प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों के घर एक-दूसरे के निकट बताए जाते हैं। विवाह के बाद दोनों परिवारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों को अलग करने का निर्णय लिया गया तथा लड़का पक्ष पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाकर यह राशि लड़की पक्ष को देने का फैसला किया गया। स्थानीय मुखिया बीरेंद्र शर्मा ने पंचायत होने की पुष्टि की है। बताया जाता है कि 8 जून को युवती के माता-पिता उसे ससुराल से अपने घर ले आए। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला युवती को बाल पकड़कर घसीटते हुए दिखाई दे रही है, जबकि एक व्यक्ति उसके साथ दुर्व्यवहार करता नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर थाना ले गई। युवती की मां दुलारी देवी ने बेटी के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि बेटी ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर रिश्ते में भतीजे लगने वाले युवक से विवाह किया, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी ससुराल पक्ष के प्रभाव में आकर माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज करा रही है। वहीं, युवक के पिता गजेंद्र राजभर ने आरोप लगाया है कि पंचायत के निर्णय के बाद उन्होंने आर्थिक तंगी के बावजूद एक लाख रुपये की व्यवस्था कर लड़की पक्ष को दिए थे। इसके बावजूद दोनों युवक-युवती संपर्क में रहे और बाद में घर छोड़कर दूसरे राज्य चले गए। उनका आरोप है कि गांव लौटने के बाद युवती को जबरन घर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उन्होंने घटना को हत्या के प्रयास की संज्ञा देते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। वायरल वीडियो तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।