मो एहसान I सुपौल।
जदिया थाना पुलिस ने एनएच-327 ई पर कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी कारों से 1.44 किलोग्राम स्मैक बरामद किया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि बुधवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि रानीगंज की ओर से दो कारों में भारी मात्रा में स्मैक लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पांडेपट्टी पेट्रोल पंप के पास नाकेबंदी की गई। शाम करीब 6:40 बजे दोनों वाहन वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, सुचित कुमार, संजय यादव और प्रदीप कुमार उर्फ जीतन के रूप में हुई है।
प्रारंभिक तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद दोनों वाहनों को थाने लाकर मैकेनिक की मदद से जांच की गई। जांच के दौरान कार के साउंड बॉक्स तथा स्टेयरिंग के नीचे बनाए गए गुप्त तहखानों से स्मैक के पैकेट बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पूर्णिया से स्मैक खरीदकर स्थानीय क्षेत्रों में आपूर्ति करने जा रहे थे।
एसपी ने बताया कि इस मामले में शामिल मुख्य सप्लायर तथा वित्तीय नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।