मधेपुरा में दो सगी बहनों ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

ग्वालपाड़ा (मधेपुरा), मो इमरान I ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के खोखसी पंचायत अंतर्गत अमौना गोढ़ियारी गांव में शुक्रवार को दो सगी बहनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय रीता कुमारी और 12 वर्षीय अनीता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शुक्रवार को अपनी मां कविता देवी के साथ खेत में मक्का का भुट्टा छीलने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर मां और बेटियों के बीच कहासुनी हुई। परिजनों के अनुसार, मां ने नाराज होकर दोनों बेटियों को हल्की डांट-फटकार लगाई। इसके बाद दोनों बहनें घर लौट आईं। दोपहर करीब ढाई बजे जब कविता देवी घर पहुंचीं, तो उन्होंने दोनों बेटियों को कमरे में फंदे से लटका पाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर ग्वालपाड़ा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार, एएसआई ब्रजेश कुमार तथा इंस्पेक्टर संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक बहनों के पिता अरुण मुखिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।