सिंहेश्वर (मधेपुरा), संवाददाता I
सिंहेश्वर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में दो युवतियों, एक महिला सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मो. इस्माइल को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मो. सदरुल का मकान कई वर्षों से विवादित स्थल पर बना हुआ है। मो. इस्माइल का आरोप है कि यह मकान सरकारी जमीन पर बना है, जिससे उन्हें घर निर्माण और अन्य कार्यों में परेशानी हो रही है। वहीं सदरुल पक्ष का कहना है कि उनके पूर्वज लंबे समय से इस जमीन पर रह रहे हैं। मामले के समाधान के लिए कई बार पंचायत की गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
बुधवार सुबह मो. इस्माइल लकड़ी काटने वाली मशीन लेकर विवादित स्थल पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस दौरान मो. इस्माइल अनियंत्रित होकर नाले में गिर पड़े और उनका सिर मशीन से टकरा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थिति को शांत कराने पहुंचे वार्ड पार्षद बजरंग कुमार भी विवाद की चपेट में आ गए। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी ली। थाना अध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।