बक्सर सिविल कोर्ट को ईमेल से बम की धमकी

विकास सिंह I 14 फरवरी I बक्सर I व्यवहार न्यायालय को शुक्रवार दोपहर ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा संदेश कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया, जिसमें दोपहर के समय कोर्ट परिसर में मौजूद जजों और वकीलों को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। ईमेल मिलते ही न्यायालय प्रशासन अलर्ट हो गया और तत्काल सभी न्यायिक कार्य स्थगित कर दिए गए। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हुई। माइक से घोषणा होते ही अधिवक्ता, न्यायिक कर्मी, मुवक्किल और अन्य लोग तेजी से बाहर निकलने लगे। कुछ ही देर में कोर्ट परिसर के अंदर सन्नाटा पसर गया, जबकि बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डीएसपी बक्सर गौरव पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उद्घोषणा प्रणाली के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने और तुरंत परिसर खाली करने की अपील की। सुरक्षा को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट कैंपस की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। न्यायालय के विभिन्न कक्षों, रिकॉर्ड रूम, गलियारों, सीढ़ियों और आसपास के खुले क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। हर संदिग्ध वस्तु को जांच के बाद ही आगे बढ़ा जा रहा था, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। वहीं धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। तकनीकी विश्लेषण के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल किस आईपी एड्रेस से और किस स्थान से भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह शरारती तत्वों की करतूत भी हो सकती है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शहर के संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।