बक्सर: बीच-बचाव करने गई महिला पर ताबड़तोड़ वार

विकास सिंह I 14 फरवरी I बक्सर I औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुणा गांव में पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। यहां एक देवर ने अपनी ही भौजाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश चौहान के घर में किसी बात को लेकर उनके भाई और भतीजी के बीच गाली-गलौज हो रही थी। विवाद बढ़ता देख रामप्रवेश की पत्नी फुला कुमारी देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान देवर और भाभी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर देवर ने चाकू निकाल लिया और फुला देवी पर लगातार वार कर दिए। चाकू लगने से महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।