Desk I WeeHours News I
पूर्णिया। चर्चित युवा व्यवसायी सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव हत्याकांड में फरार चल रहे सभी आरोपियों के खिलाफ अब कानून ने सख़्त रुख अपनाया है। अदालत ने इस मामले में शामिल सभी फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की का आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद आरोपियों में हड़कंप मच गया है।
पूर्णिया पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद से ही सभी नामजद आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। ऐसे में अदालत से कुर्की का आदेश लेकर पुलिस ने दबाव बढ़ाने की रणनीति अपनाई है।
पुलिस का कहना है कि न्यायालय से आदेश मिल चुका है और बहुत जल्द टीम बनाकर सभी फरार अभियुक्तों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम आरोपियों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करने और कानून के शिकंजे को और कसने के लिए उठाया गया है।
गौरतलब है कि बीते दिनों बिहार के पूर्णिया में मामूली विवाद को लेकर सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव की सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दर्ज FIR में 7 लोगों को नामजद किया गया था, जबकि कई अन्य अज्ञात आरोपियों की भी तलाश जारी है। यह मामला जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल बन चुका है।