Desk I WeeHours News I
महाराष्ट्र। सत्ता की लालसा ने इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पंचायत चुनाव में सरपंच बनने की चाहत में एक पिता ने अपनी ही मासूम बेटी की जान ले ली। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पांडुरंग कोंडमांगले के रूप में हुई है, जो आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद का उम्मीदवार बनना चाहता था।
महाराष्ट्र पंचायती राज कानून के तहत दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्ति को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है। पांडुरंग के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो जुड़वा बेटियां थीं। कानून को अपने रास्ते की रुकावट मानते हुए उसने अमानवीय कदम उठाया। आरोप है कि उसने अपने दोस्त गणेश शिंदे की मदद से अपनी एक जुड़वा बेटी की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को विश्वास था कि एक बच्ची की मौत के बाद वह कानून से बच जाएगा और चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो जाएगा। घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।