Desk I WeeHours News I
रांची/कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में 70 वर्षीय बुजुर्ग वकील अहमद की जान बचाने और इंसानियत के पक्ष में डटकर खड़े होने वाले दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को सम्मानित किया जाएगा। झारखंड सरकार में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दीपक को दो लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। साथ ही उन्हें झारखंड बुलाकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की घोषणा भी की गई है।
घटना उस समय सामने आई जब कोटद्वार में बजरंग दल से जुड़ी भीड़ द्वारा नफरत फैलाने की कोशिशें की जा रही थीं। इसी दौरान दीपक ने अपनी जान की परवाह किए बिना मुस्लिम बुजुर्ग वकील को बचाया और भीड़ के सामने खुद को “मोहम्मद दीपक” बताते हुए मजबूती से खड़े हो गए। उनके इस साहसिक कदम ने देशभर में चर्चा बटोरी। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि नफरत के इस दौर में इंसानियत और भाईचारे के लिए खड़े होने वालों को सम्मान मिलना चाहिए। यह फैसला समाज को यह संदेश देता है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और साहस व करुणा की मिसाल पेश करने वालों का सम्मान किया जाएगा।