मधेपुरा में इंजीनियरिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच जारी

Md Imran I मधेपुरा I 2 जनवरी I सोमवार देर शाम मधेपुरा स्थित बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कॉलेज के एक कमरे में इंजीनियरिंग सेकंड ईयर की छात्रा खुशबू कुमारी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत संबंधित थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया गया। कुछ ही देर में पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच शुरू की। मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फंदे पर लटकी छात्रा को कॉलेज प्रशासन और स्टाफ ने दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा था। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, मृतका खुशबू कुमारी मूल रूप से मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी और बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ UPSC की तैयारी भी कर रही थी। घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं—क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण? पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एसपी ने प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि मामले की गहन जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।