Desk I WeeHours News I दिल्ली I
केरल की राजनीति को लेकर एक चौंकाने वाला और अनोखा सर्वे सामने आया है। इंडिया टुडे–सी-वोटर के मूड ऑफ द नेशन (MOTN) सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) एक बार फिर सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। सर्वे अनुमान लगाता है कि यूडीएफ केरल की 20 में से 18 लोकसभा सीटों पर बढ़त बनाए रखेगा, और पिछले सर्वे की तुलना में इसमें कोई बदलाव नहीं दिखता।
इस सर्वे को सबसे ज्यादा चौंकाने वाला बनाने वाली बात यह है कि सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को एक भी सीट मिलने का अनुमान नहीं लगाया गया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में सीट आने की संभावना जताई गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को केरल में एक सीट मिली थी।
वोट शेयर के आंकड़ों में भी बड़ा उलटफेर दिखता है। MOTN के मुताबिक, 2024 की तुलना में यूडीएफ के वोट शेयर में करीब 3% की गिरावट आ सकती है, जबकि भाजपा का वोट शेयर 17% से बढ़कर 25% तक पहुंचने का अनुमान है।
हालांकि दिलचस्प पहलू यह है कि केरल में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मतदाताओं का रुझान अलग-अलग रहा है। जहां लोकसभा चुनावों में लगातार यूडीएफ को बढ़त मिलती रही है, वहीं विधानसभा चुनावों में जनता ने एलडीएफ को सत्ता सौंपी है।
गौरतलब है कि 2026 में केरल समेत पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालिया नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को जहां बड़ी सफलता मिली, वहीं वाम मोर्चे को झटका लगा। भाजपा ने भी तिरुवनंतपुरम जैसे अहम नगर निगम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर सियासी संकेत दे दिए हैं।