ट्रंप से उम्मीद, भारत से भूमिका चाहता है फिलिस्तीन

Md Imran I WeeHours News I दिल्ली I भारत दौरे पर आईं फिलिस्तीन की विदेश मंत्री डॉ. वार्सेन अगाबेकियन शाहीन ने कहा है कि उन्हें फिलिस्तीन में शांति को लेकर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उम्मीद है, लेकिन इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कोई भरोसा नहीं। एक निजी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि नेतन्याहू खुले तौर पर फिलिस्तीन पर कब्जे की बात कर चुके हैं, जबकि ट्रंप इजरायल पर शांति के लिए दबाव बना सकते हैं। भारत से उम्मीदों पर शाहीन ने कहा कि भारत और फिलिस्तीन के रिश्ते 1947 से चले आ रहे हैं। भारत उन शुरुआती देशों में शामिल है जिसने फिलिस्तीन को मान्यता दी और चूंकि भारत इजरायल का भी मित्र है, इसलिए वह मध्यस्थ की अहम भूमिका निभा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित इजरायल दौरे को अहम बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र, मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का समर्थक रहा है और उससे ‘टू-स्टेट सॉल्यूशन’ पर सहयोग की उम्मीद है। हमास पर सवाल के जवाब में शाहीन ने स्पष्ट किया कि फिलिस्तीन की आधिकारिक नीति अहिंसा की है। उन्होंने कहा कि शांति समझौते का पालन इजरायल और हमास—दोनों को करना होगा। फिलिस्तीन हिंसा नहीं, स्थायी शांति चाहता है और अगर हमास को राजनीति में आना है तो उसे पीएलओ के रास्ते से ही आना होगा।