बजट 2026 से पहले सरकार के सामने कई बड़ी चुनौतियां!

Desk I WeeHours News I 31 जनवरी I केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026–27 का आम बजट पेश करेंगी। यह बजट ऐसे समय आ रहा है जब भारत जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले दो वर्षों में तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। हालांकि इस उपलब्धि के साथ ही सरकार के सामने कई गंभीर आर्थिक चुनौतियां भी खड़ी हैं। सबसे अहम चुनौती आर्थिक वृद्धि की रफ्तार है। इकोनॉमिक सर्वे के अनुसार 2026–27 में जीडीपी ग्रोथ 6.8 से 7.2 प्रतिशत के बीच रह सकती है, जबकि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए लगातार 8 प्रतिशत से अधिक विकास दर जरूरी मानी जा रही है। इसके अलावा भारतीय रुपया लगातार दबाव में है और हाल ही में डॉलर के मुकाबले ऑल-टाइम लो स्तर तक पहुंच गया। आईटी और सॉफ्टवेयर सेक्टर में छंटनी से रोजगार संकट गहराया है, वहीं चीन के साथ बढ़ता व्यापार घाटा घरेलू उद्योगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। सोने-चांदी की रिकॉर्ड कीमतों का सीधा असर मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। वायु प्रदूषण, अमेरिका द्वारा लगाए गए ऊंचे टैरिफ, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की सुस्ती और किसानों की कम उत्पादकता भी बजट 2026 से पहले सरकार के लिए बड़ी परीक्षा हैं।