रिकॉर्ड के बाद सर्राफा बाजार धड़ाम, चांदी-सोना लुढ़का

Desk I WeeHours News I कारोबार I रिकॉर्ड तेजी के तुरंत बाद शुक्रवार को सर्राफा बाजार में जोरदार कोहराम मच गया। एक दिन पहले सर्वकालिक ऊंचाई छूने वाली चांदी में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई और भाव ₹20,000 प्रति किलो तक टूट गए। मुनाफावसूली और कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते सोने में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची चांदी शुक्रवार को औंधे मुंह गिर गई। MCX पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी एक ही दिन में करीब ₹84,000 फिसलकर ₹3,15,916 प्रति किलो पर आ गई, जो लगभग 21% की गिरावट है। इसी तरह फरवरी डिलीवरी वाला सोना ₹15,246 यानी करीब 9% टूटकर ₹1,54,157 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी ₹20,000 (करीब 5%) गिरकर ₹3,84,500 प्रति किलो रह गई, जबकि पिछले सत्र में यह ₹4,04,500 के रिकॉर्ड पर थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी कमजोर रही और स्पॉट सिल्वर 12% से ज्यादा गिरकर $101.47 प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाला सोना भी ₹14,000 टूटकर ₹1,69,000 प्रति 10 ग्राम बंद हुआ। विश्लेषकों के मुताबिक गिरावट के तीन बड़े कारण रहे—तेज मुनाफावसूली (HDFC Securities), अमेरिका में शटडाउन टलने से सुरक्षित निवेश की मांग घटना (Kotak Securities), और Federal Reserve से जुड़ी सख्ती की आशंका के बीच डॉलर व ट्रेजरी यील्ड में मजबूती।