Desk I WeeHours News I कारोबार I केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि आगामी इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत में विकसित स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल लॉन्च किए जाएंगे। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री ने कहा कि इन एआई मॉडलों को देश के भीतर ही तैयार किया गया है और वे लॉन्च के लिए पूरी तरह तैयार स्थिति में हैं। उन्होंने बताया कि कुछ सप्ताह पहले प्रधानमंत्री ने संप्रभु एआई मॉडल पर काम कर रही टीमों से बातचीत की थी, जिसके बाद यह भरोसा और मजबूत हुआ है।
वैष्णव के मुताबिक, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर वैश्विक स्तर पर जबरदस्त उत्साह है। फिलहाल एआई ढांचे में करीब 70 अरब डॉलर का निवेश क्रियान्वयन के चरण में है और समिट के समाप्त होने तक इसके दोगुना होने की उम्मीद जताई गई है। उन्होंने इसे दुनिया का चौथा और अब तक का सबसे बड़ा एआई समिट बताया।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 100 से अधिक देशों से प्रतिक्रियाएं मिली हैं, जिनमें से 15 देशों की सरकारों ने राष्ट्राध्यक्ष स्तर की भागीदारी की पुष्टि की है। इसके अलावा एआई क्षेत्र के 100 से ज्यादा वैश्विक दिग्गज समिट में शामिल होंगे।
आईटी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने कहा कि इस समिट का मुख्य उद्देश्य तकनीक, खासकर एआई का लोकतंत्रीकरण करना है, ताकि इसके लाभ समाज के बड़े वर्ग तक पहुंच सकें। यह वैश्विक दक्षिण में आयोजित होने वाला पहला वैश्विक एआई समिट होगा, जिसमें एआई गवर्नेंस, मानकों और जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह समिट 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित होगा।