Desk I WeeHours News I 31 जनवरी I
2026 टी20 वर्ल्ड कप को लेकर एक हैरान करने वाला मोड़ सामने आया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने भारत में होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने से इनकार कर दिया था और वेन्यू बदलने की मांग भी की थी, जिसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने खारिज कर दिया था। इसके बाद माना जा रहा था कि टूर्नामेंट से बांग्लादेश की भूमिका पूरी तरह खत्म हो चुकी है, लेकिन अब ICC के ताजा फैसले ने सबको चौंका दिया है। 30 जनवरी को ICC ने लीग स्टेज के लिए मैच अधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें बांग्लादेशी अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और गाजी सोहेल के नाम शामिल हैं। यही नहीं, पाकिस्तान के अंपायरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल ICC ने केवल लीग मैचों के लिए 24 अंपायर और 6 मैच रेफरी घोषित किए हैं, जबकि सुपर-8 और नॉकआउट चरण के अधिकारियों का ऐलान बाद में होगा। गौर करने वाली बात यह है कि शरफुद्दौला हाल ही में भारत में खेली गई वनडे सीरीज में भी थर्ड अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं, जिससे साफ है कि टीम भले टूर्नामेंट से बाहर हो, लेकिन बांग्लादेशी अंपायर टी20 वर्ल्ड कप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।