बक्सर में नवयुवक सरस्वती पूजा समिति द्वारा मूर्ति विसर्जन संपन्न

विकास सिंह I बक्सर | 26 जनवरी 2026I बक्सर जिले के ग्राम डेसर बुजुर्ग में नवयुवक सरस्वती पूजा समिति की ओर से माँ सरस्वती की मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम आज दिनांक 26 जनवरी 2026 को विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया। मूर्ति विसर्जन के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। समिति के सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया। विसर्जन के समय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया और पूरे गांव में भक्ति व उल्लास का वातावरण बना रहा। नवयुवक सरस्वती पूजा समिति के कार्यकर्ता मोहन पासवान, अरुण प्रसाद, सुनील पासवान, पिंस कुमार, गोविन्द कुमार, अशोक कुमार, श्याम कुमार और रवि कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे हर वर्ष सरस्वती पूजा और मूर्ति विसर्जन का आयोजन आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मूर्ति विसर्जन संपन्न होने के बाद समिति ने सभी सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।