Md Imran I पटना | 13 जनवरी 2026 I
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में हुई हिना प्रवीण की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
6 जनवरी 2026 को भैरोपट्टी गांव के एक भुसखार से 32 वर्षीय हिना प्रवीण का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान उसके परिजनों ने की थी। पोस्टमार्टम के बाद हिना का शव परिवार को सौंपा गया और उनके पिता मोहम्मद आलम की शिकायत पर मुरलीगंज थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मधेपुरा ने विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर टीम ने पहले दो नामजद आरोपी चंदन कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भैरोपट्टी निवासी मोहम्मद क्यामुद्दीन उर्फ कयूम को भी दबोच लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है, वहीं आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इन मोबाइल्स की कॉल डिटेल और डिजिटल डेटा के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
FSL की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भागलपुर लैब भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि एक और आरोपी की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, जिसकी तलाश जारी है।
मुरलीगंज पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और इस जघन्य हत्याकांड की परत-दर-परत सच्चाई सामने लाई जाएगी।