स्व. आत्मा सिंह की तृतीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा व कंबल वितरण, सामाजिक

Vikas Singh I 8 जनवरी I बक्सर I ब्रह्मपुर प्रखंड के बराढ़ी गांव में सामाजिक पुरोधा स्वर्गीय आत्मा सिंह की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा सह कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उनके पौत्र अशोक सेन (सेन साहेब) ने किया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। इस दौरान गरीबों के लिए सामूहिक भोजन की भी व्यवस्था की गई। श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने स्व. आत्मा सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि वे जीवन भर शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्षरत रहे तथा पिछड़े, वंचित और दलित वर्गों की आवाज बने। वक्ताओं ने उनके द्वारा कराए गए जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से भडवर दलित बस्ती से बराढ़ी पकड़ी चौक तक पक्की सड़क बनी और बराढ़ी उच्च विद्यालय में इंटरमीडिएट की पढ़ाई शुरू हुई। इस अवसर पर अशोक सेन ने अपने दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने और समाज के कमजोर वर्गों के लिए कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।